गरमपानी (नैनीताल)। अल्मोड़ा-भवाली एनएच पर लोहाली के दस किमी दायरे तक की पहाड़ी बेहद संवेदनशील बनी है। हल्की बारिश या फिर बूंदाबांदी में ही इस पहाड़ी से पत्थर, बोल्डर गिरने लगते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर 2:30 बजे बूंदाबांदी के बाद इस पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर और बोल्डर गिरे, इस कारण एनएच पर यातायात बाधित हो गया और अल्मोड़ा, हल्द्वानी की तरफ आने-जाने वाले बड़े एवं छोटे वाहन मार्ग पर फंस गए।
मार्ग बाधित होने एवं वाहनों की कतार लगने की सूचना पर खैरना चौकी प्रभारी हरीश पुरी, दर्शन चौधरी, महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण करने वाले ठेकेदार की जेसीबी से पत्थर और बोल्डरों को हटवाया। एक घंटे तक बाद मार्ग खुलने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। उधर, एनएच के एई एलएम तिवारी ने बताया कि पिछले साल लोहाली क्षेत्र के दस किमी के दायरे तक सड़क का चौड़ीकरण किया गया। इस स्थान पर पांच वर्षों तक जो भी मलबा आएगा, उसे संबंधित ठेकेदार हटाएगा। फिलहाल, पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों एवं बोल्डरों को रोकने के लिए कोई भी कार्ययोजना विभाग की ओर से नहीं बनाई गई है।
अल्मोड़ा-भवाली एनएच पर फिर गिरे बोल्डर
यातायात बाधित, एक घंटे बाद जेसीबी की मदद से खोला गया मार्ग