हल्द्वानी। प्रदेश के विद्यार्थियों को बेहतर उच्चशिक्षा मुहैया हो सके, इसके लिए राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की ओर से तैयार किए गए करीब 133 करोड़ के प्रोजेक्ट को भारत सरकार ने मंजूरी दे दी है। भारत सरकार ने बतौर पहली किस्त 90 लाख की धनराशि भी रूसा को प्रदान कर दी है। इस योजना के अंतर्गत गर्ल्स हॉस्टल, प्रोफेशनल कॉलेज और मॉडल डिग्री कॉलेज बनाए जाने का प्रावधान किया गया है।
उच्चशिक्षा विभाग ने राजकीय महाविद्यालयों में बेहतर ढंग से पठन-पाठन हो सके, इसका जिम्मा रूसा को सौंपा है। उच्चशिक्षा विभाग की ओर से चयनित महाविद्यालयों के लिए रूसा ने भारत सरकार को जो प्रोजेक्ट भेजे थे, उन्हें मंजूरी मिल गई है। योजना के तहत प्रदेश के 12 महाविद्यालयों को विभिन्न कार्य कराने के लिए रूसा से दो-दो करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसमें कुमाऊं और गढ़वाल मंडल दोनों के डिग्री कॉलेजों को चयनित किया गया है। इस धनराशि से महाविद्यालयों में कक्षा कक्षों का निर्माण, लाइब्रेरी, प्रयोगशालाओं का निर्माण आदि कार्य कराए जाएंगे। मुनस्यारी और डोईवाला महाविद्यालय में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण किया जाएगा। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में एक-एक नया मॉडल डिग्री कॉलेज बनाया जाएगा, इसके लिए 12-12 करोड़ स्वीकृत हुए हैं।
पौड़ी गढ़वाल में प्रोफेशनल कॉलेज खोलने के लिए 26 करोड़ और जयहरीखाल, तलवाड़ी महाविद्यालय को मॉडल कॉलेज बनाने के लिए चार-चार करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
रूसा के प्रोजेक्टों को भारत सरकार ने किया पास
12 महाविद्यालयों को कार्यों के लिए मिलेंगे दो-दो करोड़
- रूसा के तहत केंद्र को भेजे गए प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिल गई है। इस योजना के तहत करीब 133 करोड़ से होने वाले कार्यों में 90 प्रतिशत धनराशि भारत सरकार और राज्य अंशदान के रूप में दस फीसदी धनराशि राज्य सरकार की ओर से वहन की जाएगी। इससे महाविद्यालयों का कायाकल्प होने की उम्मीद है।
- डॉ. हर्षवंती बिष्ट, उपनिदेशक उच्चशिक्षा एवं प्रभारी रूसा