कालाढूंगी। भाजपा महिला मोर्चा हरियाणा की प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता लोचप की कार नैनीताल से लौटते समय कालाढूंगी से एक किमी पहले खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार चारों लोग घायल हो गए। यहां सीएचसी में उपचार के बाद घायलों को एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया।
हरियाणा भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुरेश भट्ट के पिता का वार्षिक श्राद्ध 19 जुलाई को था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हरियाणा से तमाम वीआईपी दिग्गज झलुवाझाला खाम स्थित भट्ट के घर आए थे। सुनीता लोचप भी अपने साथियों के साथ यहां पहुंची थी। शाम को नैनीताल में विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे स्विफ्ट डिजायर कार डीएल 01 सीएम 3724 से लौट रहे थे, तभी कालाढूंगी से एक किमी पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 60 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सुनीता लोचप के साथ सोनी अग्रवाल (30) पुत्री राजेंद्र प्रसाद, रजनीश (30) पुत्र जयपाल राठी, चरण सिंह (62) पुत्र रतन सिंह घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने घायलों को खाई से निकाल कर अस्पताल भर्ती करवाया। नैनीताल से लौट रहे हरियाणा के कैबिनेट मंत्री ज्ञान चंद्र गुप्ता ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।