हल्द्वानी। शाम सात बजे स्कूटी से जा रहे किसान चंदन सिंह मेहता को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पूर्वी खेड़ा नलकूप के पास हुआ।
42 वर्षीय चंदन सिंह पूर्वी खेड़ा गौला पार में खेती बाड़ी करते थे। वह बुधवार की शाम करीब सात बजे घर से दूध लाने के लिए स्कूटी से निकले थे। लौटते समय खेड़ा में सरकारी नलकूप के पास अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। वाहन चालक फरार हो गया। हादसे के बाद काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। इस बीच वहां से गुजरे राहगीरों ने उन्हें एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी दीपा सदमे में है। मासूम बेटियां सात साल की योगिता और चार साल की मानसी का भी रो-रो कर बुरा हाल है। अब तक घटना की तहरीर नहीं दी गई है। चचेरे भाई कमल मेहता ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद तहरीर देंगे।