द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। तल्ली मिरई के पास रविवार को बाइक सवार युवक को कुचलने वाले ट्रक चालक को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज ट्रक को सीज कर दिया गया है। मृतक के परिजन हेमंत सिंह बोरा ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ द्वाराहाट थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इधर रविवार को घटना के बाद लगा जाम रात्रि साढ़े 11 बजे खुल सका।
रविवार को बसभीड़ा चौखुटिया निवासी भूपेंद्र सिंह बोरा पुत्र खीम सिंह, विक्रम सिंह नेगी (26) पुत्र स्व. मदन नेगी बाइक जीएल 6 एसएयू 7733 से कफड़ा से बसभीड़ा आ रहे थे। उनके आगे एक ट्रक भी चल रहा था। तल्ली मिरई बैंड स्थित केपीएस स्कूल के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक असंतुलित होकर ट्रक से टकरा गई। बाइक में पीछे बैठे विक्रम सिंह का सिर ट्रक के टायर के नीचे आ गया।
उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। मृतक के परिजन हेमंत सिंह बोरा ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ द्वाराहाट थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने ट्रक चालक मनोज कुमार पुत्र एमएल वर्मा निवासी कल्याणपुर सितारगंज (ऊधमसिंह नगर) को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही ट्रक यूके 0-6-सीए-2894 को द्वाराहाट से कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि चालक मनोज कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 304/379 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। मामले की जांच एसआई गिरीश पंत को सौंपी गई है। इधर रविवार को घटना के बाद लगा जाम रात्रि साढ़े 11 बजे खुल पाया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।