हल्द्वानी। सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (रमसा) और शिक्षा शिक्षक का एकीकरण कर दिया है। तीनों योजनाओं के एकीकरण के बाद अब स्कूल में कक्षा 12 वीं तक के लिए नई शिक्षा योजना (समग्र शिक्षा अभियान) के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों को क्रियान्वित किया जाएगा।
अपर राज्य परियोजना निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने प्रदेश के सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा कि वर्तमान में शिक्षक शिक्षा का क्रियान्वयन डायटों के माध्यम से किया जा रहा है। नई योजना में भी इसका क्रियान्वयन डायट स्तर पर किया जाना है। सर्व शिक्षा अभियान एवं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के क्रियान्वयन के लिए जिलास्तर पर अलग-अलग परियोजना अधिकारी उत्तरदायी थे। अब नई योजना में मुख्य शिक्षा अधिकारी एकीकृत योजना से संबंधित कार्यों का निष्पादन करेंगे। उन्होेंने मुख्य शिक्षा अधिकारियों से जिला स्तर पर सभी अभिलेखों का अध्ययन करने और वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।