हल्द्वानी। छुट्टी पर आए सैन्य कर्मी ने नशे में धुत होकर अपने एक रिश्तेदार की पत्नी के कमरे में घुसकर छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर उसके पति और देवर को पीट दिया। परिवार के लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ छेड़खानी और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पांडे गांव भीमताल निवासी गणेश दत्त नौ कुमाऊं रेजीमेंट में हिमाचल में तैनात है। वह इन दिनों अवकाश पर आया है। बुधवार की शाम वह हल्द्वानी में अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि वहां रिश्तेदार की पत्नी के कमरे में घुस गया और उससे छेड़छाड़ करने लगा। महिला चिल्लाई तो उसके पति और देवर कमरे में पहुंच गए। उन्होंने नशे में धुत सैन्य कर्मी की हरकत का विरोध किया। आरोप है कि सैन्यकर्मी ने तीनों को पीटकर डराने का प्रयास किया लेकिन पति ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। परिवार के लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। महिला की तहरीर पर सैन्यकर्मी के खिलाफ धारा 323, 354 ए (3), 452, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाना प्रभारी केआर पांडे का कहना है कि घटना के बाबत सैन्यकर्मी से पूछताछ की जाएगी। अभी उसकी हालत ठीक नहीं है।