रामनगर (नैनीताल)। मध्यांतर के बाद छात्रा को हाथ पकड़कर कक्षा में चलने को कहने पर गुस्साई मां ने शिक्षिका के जोरदार कई थप्पड़ जड़ दिए। मामला कोतवाली पहुंचने के बाद छात्रा की मां ने माफी मांगी।
खताड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मध्यांतर (इंटरवेल) समाप्त होने पर शिक्षिका ने सभी बच्चों को कक्षा में जाने को कहा। इस दौरान परिसर में खेल रही कक्षा चार की एक छात्रा के बात नहीं मानने पर शिक्षिका उसका हाथ पकड़कर कक्षा में ले जाने लगी। इस पर छात्रा शिक्षिका का हाथ छुड़ाकर अपने घर भाग गई। कुछ ही देर में छात्रा की मां अपनी पुत्री के साथ विद्यालय पहुंची। उसने बिना कुछ पूछे शिक्षिका के थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए। शिक्षिका की पिटाई की बात सुनकर विद्यालय के बाहर भीड़ लग गई। इसके बाद प्रधानाचार्य ने कोतवाली पहुंचकर पूरे घटनाक्रम से पुलिस को अवगत कराया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने छात्रा की मां को कोतवाली बुलाया। जहां दोनो पक्षों में विवाद होता रहा, लेकिन बाद में छात्रा की मां ने शिक्षिका से माफी मांगी। इस पर विवाद का पटाक्षेप हो गया। एसएसआई राहुल राठी ने बताया कि फिलहाल किसी की तरफ से नहीं आई है, आपसी सहमति से मामला निपट गया है।