हल्द्वानी। शासन ने नगर निगम में जनसंख्या के अनुपात में निर्वाचित सभासद की संख्या तय कर दी है। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में जनसंख्या के हिसाब से 60 वार्ड और रुद्रपुर में 40 वार्ड होंगे।
सोमवार को शहरी विकास विभाग की ओर से सचिव नितेश कुमार झा ने नगर निगम में जनसंख्या के अनुपात में निर्वाचित सभासद की संख्या निर्धारित कर दी है। अधिसूचना में कहा गया है कि एक लाख से दो लाख जनसंख्या तक 40 वार्ड, दो लाख से चार लाख जनसंख्या तक 60 वार्ड, चार लाख से पांच लाख जनसंख्या तक 70 वार्ड, पांच लाख से छह लाख जनसंख्या तक 80 वार्ड, छह लाख से सात लाख जनसंख्या तक 90 वार्ड और सात लाख से अधिक जनसंख्या तक 100 वार्ड होंगे।
हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के सीमा विस्तार के बाद इसकी जनसंख्या 2.72 लाख के करीब हो जाएगी। इस हिसाब से नगर निगम हल्द्वानी में 60 वार्ड बनेंगे। उधर, सीमा विस्तार के बाद रुद्रपुर नगर निगम की जनसंख्या 1.80 लाख हो गई है। इस हिसाब से रुद्रपुर नगर निगम के वार्ड की संख्या 40 हो जाएगी।