हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के 15 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त के निर्देश जारी होने के बाद कार्यदायी संस्थाओं ने पेचवर्क तो शुरू कर दिया है लेकिन सड़कों के नवीनीकरण और पुनर्निर्माण के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। लोनिवि, यूयूएसडीए और पेयजल निगम को 132 किमी सड़कों का डामरीकरण करना है। करीब एक साल से भी अधिक समय से ये सड़कें बदहाल हैं।
लोनिवि हल्द्वानी डिविजन की ओर से इन दिनों लामाचौड़, बिंदुखत्ता आदि क्षेत्रों की सड़कों पर पेचवर्क कराया जा रहा है। विभाग की हल्द्वानी विधानसभा से लेकर कालाढूंगी और लालकुआं क्षेत्र में 90 किमी सड़कों का डामरीकरण किया जाना है। इन सड़कों के टेंडर बरसात से पहले हो चुके थे। इनमें 36 किमी सड़कें नवीनीकरण वाली हैं।
यूयूएसडीए की ओर से शहर के वार्ड-34 से 60 तक पेयजल और सीवरेज कार्य के बाद करीब 308 सड़कों की खोदाई की गई थी। यह कार्य वर्ष 2024 से शुरू हुआ था। बरसात के बाद कार्यदायी संस्था को 40 किमी बिटुमेन वाली सड़कें बनानी हैं। पेयजल निगम की भी सीवेरज योजना के बाद दो किमी सड़कें बननी शेष हैं।
कोट
डिविजन की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पेचवर्क शुरू कर दिया है, जल्द डामरीकरण भी किया जाएगा। - प्रत्यूष कुमार, ईई लोनिवि
सीवर लाइन बिछाने के साथ ही सीसी सड़कों का काम चल रहा है। बनभूलपुरा क्षेत्र में दो किमी सड़कों पर डामरीकरण के लिए लोनिवि को धनराशि दी है। - शशिभूषण साह, ईई पेयजल निगम
पेयजल और सीवर लाइन बिछाने के बाद सीसी सड़कों का काम तो बरसात में भी जारी रहा था अब मौसम अनुकूल होने पर अगले सप्ताह से सड़कों पर बिटुमेन करने की तैयारी की जा रही है। - गुरप्रीत सिंह, परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए