हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल में सौ से अधिक ऐसे छोटे-बड़े प्रतिष्ठान हैं जिन्होंने तयशुदा समय पर अपने यहां कार्यरत कार्मिकों का ईपीएफ जमा नहीं किया है। ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को विभाग ने नोटिस जारी कर 31 मार्च तक ईपीएफ की राशि जमा कराने को कहा है। चेताया गया है कि 31 मार्च के बाद आरसी जारी हुई तो प्रतिष्ठानों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
ईपीएफ के असिस्टेंट कमिश्नर आशीष कुमार ने बताया कि प्रत्येक व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अपने यहां कार्यरत कार्मिकों की जानकारी ईपीएफ दफ्तर को देने के साथ-साथ तयशुदा समय पर कार्मिकों का पीएफ जमा कराना होता है लेकिन कुमाऊं मंडल में सौ से अधिक ऐसे प्रतिष्ठान चिह्नित किए गए हैं, जिन्होंने इस वित्तीय वर्ष में अपने कार्मिकों का पीएफ जमा नहीं किया है। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्मिकों को नोटिस जारी कर 31 मार्च से पहले बकाया देयकों को जमा कराने को कहा गया है। असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया पीएफ की राशि जमा करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आरसी जारी की जाएगी। आरसी जारी होने के बाद भी राशि जमा कराने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सर्वे कार्रवाई कर बैंक खाते अटैच करने, रिसीवर नियुक्त कराने जैसी कार्रवाई की जाएगी ताकि कार्मिकों का पीएफ जमा कराया जा सके।
31 तक ईपीएफ जमा न किया तो होगी कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों ने कुमाऊं में चिह्नित किए सौ से अधिक प्रतिष्ठान
बैंक खाता, आधार नंबर करा लें लिंक
हल्द्वानी। ईपीएफ दफ्तर के अधिकारियों का कहना है कि जिन कार्मिकों को अपने दावों की केवाईसी करानी है, वह अपना बैंक खाता संख्या, आधार नंबर पीएफ खाते के साथ लिंक करा लें ताकि दावों के निस्तारण में आसानी हो सके।