हल्द्वानी। रानीखेत से मेरठ जा रहे एक व्यक्ति की करीब दो साल की मासूम बेटी बिछड़ गई। सूचना पर पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी की जांच की। करीब तीन घंटे बाद बच्ची को एक व्यक्ति कोतवाली लेकर पहुंचा। कोतवाली में मासूम बेटी गोद में खेलने लगी तो मां की आंखें भर आईं।
सोमवार को मिशन स्कूल जरूरी बाजार रानीखेत निवासी विजय बौड़ियाल, पत्नी राखी और बच्चों के साथ मेरठ जा रहे थे। वह करीब 10:30 बजे हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पहुंचे तो सामान उतारने के चक्कर में उनकी 23 माह की बेटी नियति बिछड़ गई। विजय को छोड़ने आए रिश्तेदार संजय उनकी दूसरी बेटी के साथ मुरादाबाद की बस में बैठे थे। इस कारण विजय को बच्ची के बिछड़ने का आभास नहीं हुआ। थोड़ी देर बाद जब बच्ची नहीं दिखी तो परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने बच्ची के गायब होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
इस पर एसएसआई विजय मेहता ने बच्ची की तलाश शुरू की। पुलिस ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी की जांच भी की। पर बच्ची का सुराग नहीं लग सका।
इधर, धान मिल निवासी सतीश को रोडवेज स्टेशन पर बच्ची घूमती मिली। उन्होंने लोगों से बच्ची को लेकर पूछताछ की, लेकिन परिजन नहीं मिले। इस पर वह घर लेकर गए और बच्ची को खाना खिलाने के बाद करीब 1:30 बजे कोतवाली लेकर पहुंचे। बच्ची मिलने के बाद पुलिस ने पत्नी राखी को सौंप दिया।
तीन घंटे सदमे में बीता, पल भर में लौटी खुशियां
23 माह की बच्ची गायब होने के बाद उसकी मां राखी करीब तीन घंटे सदमे में रही। वह रोडवेज बस स्टेशन पर ही गुमशुम बैठी रही। पति समेत साथ में आए रिश्तेदार भी परेशान रहे। करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने जब बच्ची को मां राखी के हवाले किया तो पल भर में खुशियां लौट आईं। बच्ची मां की गोद में खेलने लगी। कलेजे के टुकड़े को गले से लगाकर मां राखी की आंखें भर आईं।
रोडवेज स्टेशन पर परिजनों से बिछड़ी मासूम नियति
रानीखेत निवासी बच्ची परिजनों के साथ जा रही थी मेरठ
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी, धान मिल निवासी युवक बच्ची को कोतवाली में लेकर पहुंचा