फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमबी में दाखिले शुरू होते ही आ धमके आंदोलित छात्र, हंगामा

विज्ञापन
admission shimla
विज्ञापन
हल्द्वानी। राजकीय महिला कालेज में विद्यार्थी परिषद की छात्राओं का सभी को प्रवेश दिए जाने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। क्रमिक अनशन के दौरान महाविद्यालय में एनएसयूआई और एबीवीपी के बीच गेट बंद करने को लेकर विवाद हो गया। धक्कामुक्की के दौरान छात्रा संघ की अध्यक्ष शिप्रा बसेड़ा और दीपिका जोशी मामूली रूप से चुटैल हो गई। दोनों के हाथ में चोट लगी है।
विज्ञापन

सोमवार को महिला कॉलेज की छात्रा संघ अध्यक्ष शिप्रा बसेड़ा, दीपिका ने छात्राओं के साथ कालेज परिसर में दाखिले शुरू होने पर हंगामा कर दिया। विरोध के कारण सभी कक्षाओं में प्रवेश बंद कर दिए गए। इसी बीच एनएसयूआई की छात्राएं महाविद्यालय पहुंचीं और दाखिले शुरू करने की मांग करने लगीं। एनएसयूआई की छात्राओं ने महाविद्यालय के गेट को खोलने का प्रयास किया तो इसके विरोध में विद्यार्थी परिषद की छात्राएं सामने आ गईं। छात्राओं के दोनों गुटों में धक्कामुक्की होने लगी। विवाद बढ़ने पर पुलिस फोर्स भी पहुंच गया। विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने भी महिला कालेज पहुंच कर हंगामा किया। प्राचार्य डा. पीके पाठक ने बताया कि हंगामे के चलते दाखिले नहीं हो सके।
भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि कालेज में एनएसयूआई और एबीवीपी की छात्राओं के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस महाविद्यालय में गई थी। उस समय एनएसयूआई की छात्रा का आरोप था कि प्रतिद्वंद्वी गुट की छात्रा नेता रुचि ने गुट बंद कर दिया था। आने जाने में परेशानी हो रही थी। विरोध करने पर दूसरे गुट की छात्राएं मारने पीटने पर आमादा हो गई है। इस मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस ने दोनों गुटों को समझा बुझाकर शांत किया।
विज्ञापन



एमबी में बंद करा दिया प्राचार्य कक्ष और ऑफिस
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में सोमवार को बीए और बीएससी प्रथम सेमेस्टर में दाखिले शुरू होते ही पूर्वाह्न करीब 11 बजे विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता पहुंच गए तथा हंगामा कर प्रवेश काउंटर जबरन बंद करा दिए। बाद में विद्यार्थी परिषद के आंदोलित छात्रों ने प्राचार्य कक्ष समेत मुख्य कार्यालय भी बंद करवा दिया और सभी विद्यार्थियों को प्रवेश दिए जाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
सोमवार को छह सात विद्यार्थियों के दाखिले हो पाए थे कि हंगामा हो गया। छात्रों के विरोध पर प्राचार्य डा. रेखा पांडे भी अपने कक्ष से बाहर आ गई। प्राचार्य ने सभी छात्रों को प्रवेश दिए जाने की मांग शासन स्तर से हल होने का हवाला दिया तो छात्र उनसे बहस करने लगे। शिक्षकों और छात्रों के बीच काफी देर तक नोकझाेंक हुई। छात्रों का धरना प्रदर्शन अपराह्न दो बजे तक चला। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप कुल्याल, जिला सह संयोजक अंकित तोलिया, नगर उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, रजत भट्ट, गुड्डू नयाल, गौरव कोरंगा, शुभांग रौतेला, अभिषेक बोरा, रवि यादव आदि मौजूद रहे। छात्रनेता गौरव सनवाल भी छात्रों की मांग के समर्थन में धरने पर बैठे।

छात्रनेता ने दी आत्मदाह की धमकी
हल्द्वानी। छात्रनेता सुंदर आर्या नेआत्मदाह तक की धमकी दे डाली। छात्रनेता अंकित तोलिया ने आमरण अनशन करने की बात कही। छात्रों की धमकी के बाद खुफिया विभाग सक्रिय हो गया है।

छात्रनेताओं में गालीगलौज
हल्द्वानी। एमबी कालेज में धरना प्रदर्शन के वक्त छात्रों के दो गुटों के बीच गाली गलौज हुई। कुछ छात्र मुख्य कार्यालय का चैनल खुलवाने का प्रयास कर रहे थे यह देख विद्यार्थी परिषद के अंकित तोलिया और गुड्डू नयाल ने इसका विरोध किया। इस पर मुख्य कार्यालय खुलवाने का प्रयास कर रहे छात्रों ने गाली गलौज शुरू कर दी।

एमकॉम की मेरिट लिस्ट घोषित
हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज की प्राचार्य डा. रेखा पांडे ने बताया कि सोमवार को एमकॉम प्रथम सेमेस्टर की मेरिट घोषित कर दी गई है। इसमें 80 सीटों के सापेक्ष 307 आवेदन फार्म आए थे।


रामनगर कॉलेज खुला मगर छात्र नेताओं ने किसी को नहीं घुसने दिया

रामनगर (नैनीताल)। पीएनजीपीजी कॉलेज सोमवार को खुला मगर क्रमिक अनशन पर बैठे एनएसयूआई, एबीवीपी के सदस्यों ने गेट से छात्र-छात्राओं को नहीं घुसने दिया। छात्रों ने इस दौरान नारेबाजी भी कर दी। कॉलेज प्रशासन ने पुलिस बल को मौके पर बुला लिया। हंगामे के बावजूद शिक्षक कक्षाओं में गए छात्रों की संख्या कम होने के कारण कक्षाएं नहीं चलीं। प्राचार्या, प्रोफेसर, स्टाफ और पुलिस अधिकारियों की बैठक भी हुई। उधर, एनएसयूआई के सुमित लोहनी के नेतृत्व में छात्रों ने कुलपति, उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी भी छात्रों को समर्थन दिया। प्राचार्या डॉ. हेमा प्रसाद ने बताया कि कॉलेज तो खुला है, लेकिन छात्रनेता विद्यार्थियों को रोक रहे हैं। ऐसे में कक्षाएं चलाना चुनौती बन गया है।

एबीवीपी ने उच्चशिक्षा मंत्री को भेजा मांग पत्र
नैनीताल। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने डीएसबी परिसर निदेशक प्रो. एलएल जोशी के माध्यम से उच्चशिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को छह सूत्री मांग पत्र भेजा। इस दौरान छात्र संघ अध्यक्ष अभिषेक मेहरा, नवीन भट्ट, मोहित साह, भास्कर बोरा, विशाल वर्मा, पार्थ पालीवाल, नोवा आदि थे।

डीएसबी परिसर में कक्षाएं शुरू
नैनीताल। कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर में सोमवार से नए सत्र के लिए कक्षाएं शुरू हो गईं। परिसर निदेशक प्रो. एलएम जोशी, डीएसडब्ल्यू प्रो. पीएस बिष्ट ने बताया कि विवि की ओर से पूर्व में आदेश जारी कर 23 जुलाई से कक्षाएं शुरू करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि विवि के निर्देशों के क्रम में कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें