हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा घोषित प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार 12 जुलाई से दाखिले शुरू करने में एमबीपीजी कॉलेज ने हाथ खड़े कर दिए हैं। 11 जुलाई को मेरिट भी घोषित नहीं हो सकेगी। दाखिले की मेरिट बनाने में ही कम से कम पांच दिन का समय लगने की उम्मीद है। इधर, ग्रीष्मकालीन अवकाश से प्राध्यापकों के 17 जुलाई को ड्यूटी पर लौटने पर ही दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी।
नये शिक्षा सत्र 2018-19 में मेरिट से लेकर दाखिला प्रक्रिया का कुमाऊं विवि ने शेडयूल जारी किया है। इसमें स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों की क्लासें 23 जुलाई से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। एमबी में दाखिला लेने वाले आवेदक छात्रों की संख्या 10,522 होने के कारण विश्वविद्यालय के शेडयूल के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया संचालित करने में कालेज प्रशासन के सामने चुनौती है। कालेज प्रशासन ने मंगलवार को विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर प्रवेश प्रक्रिया पर मंथन किया तो कई सभी ने 11 जुलाई को मेरिट घोषित करने में तमाम दिक्कतों का हवाला देते हुए इससे इनकार कर दिया। विभागाध्यक्षों ने प्राचार्य को अवगत कराया कि विश्वविद्यालय ने 12 से 19 जुलाई तक दाखिले करने की तिथि तय की है, जब प्रवेश समिति में नामित सदस्य ही नहीं होंगे तब 12 से दाखिला प्रक्रिया कहां से शुरू हो सकती है। अभी 14 जुलाई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है तथा 16 जुलाई को हरेला पर्व की छुट्टी होगी, ऐसी स्थिति में 17 जुलाई को ही प्राध्यापक महाविद्यालय में उपस्थित होंगे, इसके बाद ही दाखिला प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। प्राचार्य डा. रेखा पांडे ने बताया कि महाविद्यालय 12 जुलाई से दाखिले शुरू करने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को इस स्थिति से अवगत करा दिया गया है।
एक ओर परीक्षा दूसरी ओर दाखिले
हल्द्वानी। एक ओर कुमाऊं विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं और दूसरी ओर दाखिले करने के दबाव को लेकर एमबी कालेज के प्राध्यापक काफी परेशान हैं। सेमेस्टर परीक्षाएं कराने के साथ-साथ दाखिला प्रक्रिया चुनौती बनी हुई है।
किस दिन कितने विद्यार्थियों की परीक्षा
11 जुलाई - 800
12 जुलाई - 600
13 जुलाई - 50
14 जुलाई - 1400
15 जुलाई - 800
17 जुलाई - 360
19 जुलाई - 1400
24 जुलाई - 1400