हल्द्वानी। एसबीआई से मुखानी तक की नहर को कवर करने का काम अब तीन दिन में शुरू होने के आसार बने हैं। एक माह से लटके पड़े इस काम के लिए लोक निर्माण विभाग अब हर हाल में तीन दिन में काम शुरू करने की चेतावनी दे रहा है। बिजली विभाग का भी कहना है कि दो दिन में बिजली के पोल हटा दिए जाएंगे लेकिन जल संस्थान अभी लकीर का फकीर बना हुआ है।
लोक निर्माण विभाग ने नैनीताल रोड स्थित एसबीआई से मुखानी तक नहर कवरिंग का 8.25 करोड़ का बजट बनाकर शासन को भेजा था। शासन ने इसके लिए पहली किस्त के रूप में तीन करोड़ रुपया उपलब्ध कराया है। लोक निर्माण विभाग ने पहले चरण में एसबीआई से नवाबी रोड तक बिजली के 25 पोल हटाने के लिए यूपीसीएल को 20 लाख रुपये और दो छह-छह इंच की पेयजल लाइन हटाने के एवज में जलसंस्थान को 30 लाख रुपये एक माह पहले दे दिए गए थे। एक माह बाद भी अभी तक दोनों विभागों ने काम शुरू नहीं किया। अब जल संस्थान इस मामले को लेकर अड़ा हुआ है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू किया तो कई इलाकों को पेयजल की दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
नहर कवरिंग को लेकर अल्टीमेटम, तीन दिन में काम शुरू कराने का ऐलान
बिजली विभाग ने कहा-दो दिन में हटेंगे पोल, जल संस्थान अभी नहीं है तैयार
अधिकारियों के बोल
बिजली विभाग और जलसंस्थान को कई बार रिमाइंडर भेजा जा चुका है। दोनों विभाग काम शुरू नहीं भी कराते हैं तो दो-तीन दिन में नहर कवरिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे विवाद हुआ तो जिम्मेदारी इन्हीं विभाग की होगी।
- रणजीत रावत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग
पैसा किस्त में मिलने के कारण आकलन में बदलाव करना पड़ा। दो दिन में बिजली के पोल हटा दिए जाएंगे।
-डीके जोशी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता नगर
पेयजल लाइन हटाने के लिए जो प्रस्ताव दिया गया था उसके बजट में कटौती की गई, लेकिन कारण नहीं बताया गया। अब लोक निर्माण विभाग से रिपोर्ट मिलने के बाद शासन से स्वीकृति लेकर ही काम शुरू किया जा सकेगा।
-संतोष कुमार उपाध्याय, अधिशासी अभियंता जल संस्थान
ये होगा फायदा...
-कालाढूंगी रोड पर यातायात दबाव कम होगा।
-नैनीताल रोड से नवाबी रोड और मुखानी तक का वैकल्पिक संपर्क मार्ग बन सकेगा