रानीखेत (अल्मोड़ा)। तहसील के सुदूरवर्ती कालीगाड़ पट्टी की विभिन्न समस्याओं को लेकर बेमियादी धरना पांचवें दिन में प्रवेश कर गया है। न्याय पंचायत विकास संघर्ष समिति के बैनर तले बुधवार को भी कई ग्रामीणों ने धरना दिया। समर्थन को पहुंचे ग्रामीणों ने बैंक, अस्पताल सहित सभी समस्याओं के निराकरण को लेकर शासन-प्रशासन से अतिशीघ्र सार्थक कदम उठाने की मांग की।
कुंवाली क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ग्रामीण पिछले पांच दिनों से धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में न तो बैंक की शाखा है और ना ही एलोपैथिक अस्पताल, मोटर मार्गों की हालत ठीक नहीं होने के कारण आए दिन ग्रामीण परेशान हो रहे हैं, जबकि इस क्षेत्र से दो-दो मंत्री चुनकर गए हुए हैं। जनप्रतिनिधियों ने आज तक समस्याओं का हल नहीं कराया, जिसके चलते ग्रामीणों को मजबूरन आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
धरने पर अध्यक्ष रघुवर सिंह परिहार, रघुवर दत्त जोशी, दिवान सिंह, राजेंद्र सिंह, हरिनारायण जोशी, बलवंत बजेठा, कुल प्रकाश जोशी, जगदीश लाल वर्मा, भैरव जोशी, सुंदर लाल वर्मा, जगदीश बजेठा, पूरन बिष्ट, जीवन बिष्ट, शिव सिंह, हेमा जोशी, चंपा बजेठा सहित तमाम लोग बैठे।