हल्द्वानी। पुलिस के लिए अब तक पहेली बना बेड़ा पोखरा के राधा हत्याकांड में उम्मीद की किरण यह है कि राधा का पति कोचिंग संचालक भुवन भट्ट को होश आ गया है। वह बोल रहे हैं। हालांकि अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस भुवन के पूरी तरह स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है।
बेड़ा पोखरा निवासी कोचिंग संचालक भुवन भट्ट के घर में घुसे बदमाशों ने उनकी पत्नी राधा भट्ट की लोहे की रॉड और सब्बल से निर्ममता से हत्या कर दी थी। भुवन को भी जख्मी किया था। बदमाश घर से लाखों की नगदी, जेवर और बाइक ले गए थे। पुलिस ने भुवन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस अब तक इस वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। हत्याकांड के कुछ दिन बाद ही एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को एक हफ्ते में इस हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए थे लेकिन तब से अब तक कुछ नहीं हुआ। सूत्रों की मानें तो भुवन ने अब हल्का बोलना शुरू कर दिया है लेकिन राधा हत्या कांड का जिक्र करते ही वह सदमे में चला जाता है।