हल्द्वानी। जिला प्रशासन की ओर से निर्माण कार्यों में पेयजल और सिंचाई के पानी के उपयोग को प्रतिबंधित करने के बाद भी शहर में कई जगह धड़ल्ले से सिंचाई के पानी का उपयोग निर्माण कार्यों में किया जा रहा है। भवन निर्माण करा रहे लोग टुल्लू पंप के माध्यम से नहरों के पानी को खींचकर निर्माण कार्य करवा रहे हैं लेकिन सिंचाई विभाग और प्रशासन के अधिकारी इससे बेखबर हैं।
मंडलायुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने पिछले दिनों डीएम की बैठक में निर्माण कार्यों में पेयजल, सिंचाई के पानी के उपयोग को प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके यहां सुशीला तिवारी अस्पताल के पीछे की ओर स्थित खुली नहर समेत एसबीआई, तीन पानी, ठंडी सड़क, पनचक्की क्षेत्र, ऊंचापुल क्षेत्र की खुली नहर से सटे क्षेत्रों में कई जगह धड़ल्ले से निर्माण कार्य हो रहे हैं। निर्माण कार्यों के लिए अधिकांश लोग नहर में सिंचाई के लिए छोड़े गए पानी का उपयोग कर रहे हैं। नहर से पानी खींचने के लिए टुल्लू पंप लगाए गए हैं। मजदूरों के काम पर आते ही टुल्लू पंप लगा दिए जाते हैं और शाम को मजदूरों के जाते ही टुल्लू पंप हटा लिए जाते हैं। सिंचाई के पानी की चोरी के बाबत अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं है। इस संबंध में पूछे जाने पर सिटी मजिस्ट्रेट और प्राधिकरण के संयुक्त सचिव पंकज उपाध्याय का कहना है कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है। कहीं से कोई शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।