भीमताल (नैनीताल)। वीर भट्टी पुल पर गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में आग लगने के बाद से ज्योलीकोट-भवाली रोड बंद होने के कारण यातायात का पूरा दबाव भीमताल-रानीबाग रोड पर पड़ गया है। हजारों छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही से रानीबाग, भीमताल और भवाली में दिन भर जाम की स्थिति रहती है। नगरीय क्षेत्रों में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का सड़क पार करना तक दूभर हो गया है।
पिछले माह 25 सितंबर को ज्योलीकोट के समीप वीर भट्टी पुल पर एलपीजी सिलेंडर लेकर जा रहे ट्रक में विस्फोटों के साथ आग लग गई थी। पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण प्रशासन ने ज्योलीकोट-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है। तभी से हल्द्वानी से अल्मोड़ा, रानीखेत, पिथौरागढ़, लोहाघाट समेत समूचे पहाड़ को जाने वाले छोटे बड़े वाहन वाया भीमताल होकर ही आ जा रहे हैं। सुबह से लेकर शाम तक इस रोड पर भारी भरकम ट्रकों के आवागमन के कारण रानीबाग से लेकर भीमताल और भवाली तक में दिन भर में कई बार जाम की स्थिति पैदा हो रही है। वहीं दूसरी ओर त्योहारी सीजन में यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ने से भीमताल और भवाली में कारोबार भी चौपट हो गया है। भीमताल के व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ रौतेला व संघर्ष समिति भीमताल के संस्थापक देवेंद्र फर्त्याल आदि ने जिला प्रशासन से व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है ताकि लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण आम लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।