हल्द्वानी। स्नातक पहले सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए एमबीपीजी कॉलेज ने प्रवेश देने को दरवाजे खोल दिए हैं। इसके लिए सिर्फ मंगलवार को एक दिन का मौका दिया गया है। पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर विद्यार्थियों को ऑफलाइन प्रवेश आवेदन पत्र भरने की छूट दी गई है। ऑनलाइन पंजीकरण होने की बाध्यता नहीं है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि यह फैसला छात्रों की मांग पर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कई विद्यार्थियों ने इंटरमीडिएट में सुधार परीक्षा दी थी। उनके परीक्षा परिणाम अब आने की वजह से दर्जनों छात्र कुमाऊं विश्वविद्यालय में आनलाइन आवेदन पंजीकरण नहीं करा सके थे। इसके अलावा दूरदराज क्षेत्रों के छात्रों का भी कहना था कि इंटरनेट की समस्या के चलते उनका भी ऑनलाइन पंजीकरण नहीं हो सका है। इसके लिए छात्र संगठनों की ओर से भी बराबर मांग उठ रही है। इस समस्या का समाधान करने के मकसद से ही 22 अगस्त को ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को प्रवेश लेने की छूट दी गई है। जो भी विद्यार्थी एमबीपीजी कालेज में प्रवेश लेने के इच्छुक हों वे मंगलवार को सुबह दस बजे से तीन बजे तक कॉलेज में अपनी कक्षा से संबंधित काउंटर पर जाकर प्रवेश आवेदन फार्म भर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों के प्रवेश आवेदन फार्म 22 अगस्त को जमा होंगे, उनकी काउंसलिंग 23 अगस्त को करके प्रवेश दे दिया जाएगा। ब्यूरो