हल्द्वानी। प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में 119 योग प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। शीघ्र ही महाविद्यालयों में योग प्रशिक्षकों को तैनात करने की कार्यवाही अमल में लाई जा सकती है। संविदा के तौर पर महाविद्यालयों में योग प्रशिक्षकों को तैनात किया जाएगा।
प्रदेश में 119 राजकीय महाविद्यालय हैं। सभी में एक-एक योग प्रशिक्षक की संविदा पर तैनाती की जानी है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पूर्व में प्रत्येक सरकारी डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालय परिसरों में योग प्रशिक्षक तैनात करने की बात कह चुके हैं। राजकीय महाविद्यालयों में योग प्रशिक्षकों की तैनाती को लेकर प्रस्ताव भेज दिया गया है। शासन की मंजूरी मिलते ही योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो जाएगा। योग की पढ़ाई कर चुके युवा लंबे समय से नियुक्ति की आस लगाए बैठे हैं। वे सरकार से लगातार रोजगार की मांग कर रहे हैं। यह फैसला युवाओं के लिए राहतभरा है।
कोट ==
राजकीय महाविद्यालयों में योग प्रशिक्षकों की तैनाती को लेकर शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। प्रदेश में 119 महाविद्यालय हैं। हर महाविद्यालय में एक योग प्रशिक्षक की तैनाती होनी है। शासन के निर्णय के बाद इसमें आगे की प्रक्रिया चलेगी।
डॉ. आरएस भाकुनी, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा।