भीमताल (नैनीताल)। ओखलकांडा विकासखंड की दो ग्रामसभाओं में चारा काटते समय पेड़ से गिरकर दो युवतियां घायल हो गईं। इनमें से एक युवती को ग्रामीणों ने 15 किमी दूरी तक डोली में बैठाकर पैदल सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद निजी वाहन से उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) हल्द्वानी पहुंचाया।
कुकना ग्रामसभा के बजवालगांव तोक निवासी डूंगर सिंह देउपा की पुत्री हंसा देउपा शुक्रवार शाम पेड़ पर चढ़कर चारा काट रही थी। इसी दौरान पेड़ से गिरकर उसकी कमर में गहरी चोट लग गई। सड़क न होने के कारण ग्रामीण डोली में बैठाकर पैदल 15 किमी दूरी तक देवली गांव में सड़क तक पहुंचे। जहां 108 एंबुलेंस की हड़ताल के कारण परिजन उसे निजी वाहन से एसटीएच लाए। गांव के धीरेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण वर्षों से सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार, शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की कोई सुध नहीं ली। सड़क की मांग के लिए ग्रामीणों ने 2014 में लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया था। केशर सिंह, रमेश सिंह, टीकम सिंह, भैरव सिंह, आन सिंह, चंदन सिंह ने सड़क बनवाने की मांग की। विधायक राम सिंह कैड़ा ने सड़क बनवाने का आश्वासन दिया है।
वहीं ओखलकांडा के डालकन्या निवासी चूड़ामणि पनेरू की पुत्री तुलसी भी बृहस्पतिवार को घास काटते समय से पेड़ से गिरकर घायल हो गई थी। इसका भी एसटीएच में इलाज चल रहा है। विधायक कैड़ा ने एसटीएच जाकर दोनों घायलों का हाल जाना। बताया कि कुकना, घेना, कैड़ा गांव का मोटर मार्ग स्वीकृत हो चुका है। इसी साल सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
घायल युवती को 15 किमी डोली में सड़क तक लाए ग्रामीण
घास काटते समय पेड़ से गिर घायल हो गईं थीं दो युवतियां
दोनों का एसटीएच में चल रहा है इलाज
सड़क नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों में सरकार और प्रशासन के प्रति आक्रोश