हल्द्वानी। जलसंस्थान ने पेयजल के बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान चलाया है। विभाग के संग्रह केंद्रों पर स्थित काउंटरों के अलावा विभिन्न स्थलों पर शिविर लगाए जा रहे हैं। बनभूलपुरा में शनिवार को शिविर लगाया गया। विभाग ने शनिवार को 23.29 लाख रुपये वसूले। विभाग ने इस बार 25.84 करोड़ रुपये लक्ष्य के सापेक्ष 20.60 करोड़ रुपये वसूल लिए हैं।
जलसंस्थान के ईई विशाल कुमार सक्सेना ने बताया कि वसूली कैंप 31 मार्च तक लगेंगे। रविवार को अवकाश के दिन भी सभी काउंटर खुले रहेंगे। सभी से 25 मार्च तक बकाया जमा करने को कहा गया है। अब 25 मार्च के बाद सभी बकायेदारों के अलावा सरकारी दफ्तरों के कनेक्शन भी काटे जाएंगे। जलसंस्थान के ईई ने बताया कि बड़े विभागों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। इन विभागों से अधिकतम वसूली का प्रयास किया जाएगा।
लक्ष्य से पांच करोड़ पीछे जलसंस्थान
जलसंस्थान ने शिविर लगाकर वसूले 23 लाख रुपये
निगम, लोनिवि, पुलिस विभाग हैं बड़े बकायेदार
जलसंस्थान सूत्रों के मुताबिक विभागीय बकायेदारों में लोनिवि, पुलिस, नगर निगम शामिल हैं। नगर निगम, पुलिस, लोनिवि के दर्जनों कार्यालयों में लाखों रुपये का बकाया है। जलसंस्थान के नगर निगम के सभी दफ्तरों में कुल 3575087 रुपये, लोनिवि के दफ्तरों पर कुल 2661286 रुपये, पुलिस के सभी दफ्तरों में कुल 409464 रुपये का बकाया है।