हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज के स्नातक एवं स्नातकोत्तर के सेमेस्टर के विद्यार्थियों के रुके परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने का भरोसा कुमाऊं विश्वविद्यालय ने दिया है। कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि जिन विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन अंक जो विश्वविद्यालय पहुंच चुके हैं, उन सभी का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डा. विनय विद्यालंकार ने बताया कि कुमाऊं विवि की परीक्षा समिति ने इसकी मंजूरी दे दी है कि सेमेस्टर के जिन विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन छूट गए हैं ऐसे विद्यार्थी पांच सौ रुपये का विलंब शुल्क का बैंक ड्राफ्ट वित्त अधिकारी कुमाऊं विवि के नाम बनाकर दो मई तक कालेज में जमा कर सकते हैं। यह राशि पहले एक हजार रुपये थी जिसे विवि ने कम कर दिया है।
इसके बाद उन्हें कोई मौका नहीं दिया जाएगा। इसी तरह बीए प्रथम सेमेस्टर के ऐसे छात्र-छात्राएं जिन्होंने प्रथम सेमेस्टर में किसी भी भाषा (हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत) का प्रश्नपत्र नहीं दिया है, उन्हें बैक पेपर देना पड़ेगा, वे भाषा का चयन कर पुन: बैक का परीक्षा फार्म भरेंगे।
प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि बीए प्रथम सेमेस्टर शिक्षाशास्त्र की प्रयोगात्मक परीक्षा में अनुपस्थित रहे विद्यार्थी 2000 रुपये का विलंब शुल्क का ड्राफ्ट वित्त अधिकारी कुमाऊं विवि के नाम बनाकर दो मई तक महाविद्यालय में जमा कराएंगे तभी उनके प्रयोगात्मक परीक्षा देने का मौका मिल पाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन छात्रों द्वारा स्नातक स्नातकोत्तर के द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर में प्रवेश लिया जा रहा है उन्हें विवि की वेबसाइट पर जाकर आनलाइन परीक्षा आवेदन फार्म भरना जरूरी है और उसकी प्रति महाविद्यालय में जमा करानी होगी। उन्होंने बताया कि छात्रों द्वारा आनलाइन परीक्षा आवेदन फार्म विवि की वेबसाइट पर आनलाइन जमा किए गए हैं उसकी एक प्रति महाविद्यालय में अवश्य जमा कराएं।
एमबीपीजी कॉलेज में दो मई तक जमा करना होगा ड्राफ्ट