हल्द्वानी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत नैनीताल रोड स्थित वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पंतनगर से शहर में सड़क मार्ग द्वारा आएंगे। कार्यक्रम संशोधित होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने नए सिरे से सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया।
मुख्यमंत्री के वरिष्ठ प्रमुख निजी सचिव के के मदान ने जिला प्रशासन को अवगत कराया कि मुख्यमंत्री रविवार सुबह 10 बजे देहरादून एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर 10:50 बजे पंतनगर एयरपोर्ट रुद्रपुर में उतरेंगे। यहां से 11 बजे कार द्वारा हल्द्वानी के लिए प्रस्थान करेंगे। रामपुर रोड एफटीआई होते हुए मुख्यमंत्री 11.30 बजे नैनीताल रोड स्थित वाटिका बारात घर पहुंचेंगे। यहां वह दोपहर डेढ़ बजे तक सैनिकों को वीरता के सम्मान के साथ आपकी राय आपका बजट कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद रुद्रपुर के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए जाएंगे। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री विधायक राजेश शुक्ला के घर आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में जाएंगे।
सुरक्षा के लिए काफी संख्या में फोर्स तैनात
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव के अनुसार मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसएसपी जन्मेजय खंडूरी के नेतृत्व में एक एएसपी, छह सीओ, 55 उपनिरीक्षक, नौ निरीक्षक, 105 सिपाही, एक कंपनी एक प्लाटून पीएसी सुरक्षा व्यवस्था के तहत काम करेगी।
कालटैक्स से रहेगा डायवर्जन
एसपी सिटी ने बताया कि मुख्यमंत्री के आने पर कुछ देर के लिए कालटैक्स पर वाहनों को रोककर दूसरी तरफ मोड़ा जाएगा। लगातार डायवर्जन नहीं किया जाएगा ताकि जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।