भवाली (नैनीताल)। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भवाली नगर पालिका क्षेत्र को जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) में शामिल करने का विरोध किया है। व्यापार मंडल के आह्वान पर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शुक्रवार से यहां क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। मांग पूरी न होने पर अनशनकारियों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
पहले यहां झील विकास प्राधिकरण बना था, तब भवाली नगर पालिका और इसके आसपास का क्षेत्र प्राधिकरण के दायरे में शामिल नहीं था लेकिन हाल के दिनों में डीडीए के गठन के बाद पालिका और इसके आसपास का समूचा क्षेत्र प्राधिकरण में शामिल हो गया है। इस कारण गांवों में भी मकान बनाने पर नक्शा पास कराने को कहा जा रहा है जो कि अव्यवहारिक है। इसी कारण व्यापार मंडल के बैनर तले नगर के विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग इसका विरोध कर रहे हैं। वह डीएम से लेकर कई मंत्रियों तक को ज्ञापन दे चुके हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे के नेतृत्व में एक सूत्री मांग को लेकर नगर के व्यापारियों समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शुक्रवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। पूर्व पालिकाध्यक्ष दयाल चंद्र आर्य, संजीव भगत, भगवत प्रसाद, राकेश तिवारी, पंकज निगल्टिया, इब्ने अली, शेखर जोशी, नंदन सिंह, महेंद्र सिंह आदि क्रमिक अनशन पर बैठे।