रामनगर (नैनीताल)। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों का पालन कराने को लेकर एसएसपी द्वारा सीपीयू की तर्ज पर गठित की गई टीम मंगलवार से शहर के मुख्य मार्ग पर तैनात होगी। मंगलवार को रामनगर में गठित सीपीयू का एसएसपी जन्मेजय खंडूरी शुभारंभ करेंगे।
सोमवार को कोतवाली परिसर में सीओ लोकजीत सिंह ने कोतवाली व कोतवाली के अंतर्गत सभी चौकी प्रभारियों की बैठक लेते हुए कहा कि मंगलवार को रामनगर क्षेत्र में एसएसपी द्वारा गठित सीपीयू की टीम अपना काम शुरू करेगी। उन्होंने सभी चौकी इंचार्जों, उपनिरीक्षकों व पुलिस कर्मियों से भी यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही बाइक चलाते समय हेलमेट लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सीपीयू द्वारा पुलिस कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। वर्तमान में गठित सीपीयू में 2 उपनिरीक्षक व 4 कांस्टेबिलों को तैनात किया गया है। जो मंगलवार से अपनी नई वर्दी व संसाधनों के साथ अपना काम करेंगे।
बैठक में कोतवाल विक्रम राठौर, एसएसआई राहुल राठी, पीरूमदारा चौकी इंचार्ज कविंद्र शर्मा, एसआई कश्मीर सिंह, एसआई इंद्रजीत, एसआई सिमरन, एसआई शशी प्रभा, एसआई गगनदीप सिंह, एसआई रविंद्र राणा, एसआई त्रिभुवन सिंह के अलावा सीपीयू इंचार्ज एसआई रोहितास सिंह सागर मौजूद रहे।