रामनगर(नैनीताल)। बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन इन दिनों कॉर्बेट पार्क के भ्रमण पर हैं। वह अपने परिजनों के साथ एक दिवसीय कॉर्बेट पार्क में रात्रि विश्राम भ्रमण करने के बाद वापस जनपद अल्मोड़ा स्थित मरचूला के रिसोर्ट में पहुंचीं। रवीना को सोमवार को तीन बाघ दिखे, जबकि पति, मां और बेटे बाघ नहीं देख पाए।
फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन रविवार को अपने परिजनों के साथ पार्क के ढिकाला जोन में रात्रि विश्राम के लिए पहुंची थीं। उन्होंने परिजनों के साथ जिप्सी सफारी का आनंद लेते हुए रात्रि विश्राम ढिकाला जोन में किया था। रविवार को भी उन्होंने पार्क में विभिन्न वन्य जीवों को देखा, लेकिन बाघ के दर्शन नहीं हो पाए थे। सोमवार दोपहर रवीना के मां, पति, बेटा वापस आ गए थे, जबकि रवीना, उनकी बेटी और बहन पार्क में ही रुके रहे। इस दौरान रवीना को ढिकाला क्षेत्र में बाघिन व उसका बच्चा दिखा तो वापसी आने पर मुख्य सड़क खिनानौली के पास एक बाघ को सड़क पार करते दिखा। रवीना ने तुरंत बाघों को अपने कैमरे में कैद कर लिया। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिमान ने बताया कि रवीना टंडन बुधवार को दिन में सड़क के रास्ते दिल्ली जाएंगी।