द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। दूनागिरि मंदिर ट्रस्ट को खारिज कर वहां पूर्व की तरह प्रशासनिक व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति का आंदोलन जारी है। नगर पंचायत प्रांगण में आंदोलनकारियों ने कहा कि इस बार ट्रस्ट को खारिज करके ही दम लेंगे। दूनागिरि मंदिर में 2002 में ट्रस्ट की स्थापना हुई, सर्वदलीय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि स्थापना के बाद से ही वहां मनमानी शुरू हो गई थी।
इसको लेकर कई बार मंदिर समिति ने आवाज उठाई, लेकिन मनमानी का सिलसिला बदस्तूर जारी है। इस दौरान आंदोलन की उपेक्षा को लेकर पदाधिकारियों में खासा आक्रोश भी देखा गया। कहा कि 16 दिनों के बाद भी आंदोलन की सुध नहीं ली जा रही है। मांगों को लेकर सार्थक पहल नहीं हो रही है। उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। धरने पर आज पुष्कर पांडेय, प्रीत पाल सिंह, विनोद भट्ट, जगदीश बुधानी, केवलानंद, नीरू आया आदि बैठे। ब्यूरो