रामनगर (नैनीताल)। हाथियों के झुंड ने मोहान में वन विभाग की चौकी को तोड़ दिया। हाइवे पर जाम लगाने के बाद उन्होंने कैंटर में तोड़फोड़ कर उसमें रखा आटा खा लिया। वन कर्मियों ने बामुश्किल हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा।
अल्मोड़ा वन प्रभाग की मोहान चौकी के पास बृहस्पतिवार रात नौ बजे करीब 15 से अधिक हाथियों का झुंड आ गया। उन्हें देख दैनिक श्रमिक दर्शन सिंह भागा और अन्य वन कर्मियों को सूचना दी। साथी वनकर्मियों के आने तक हाथियों ने वन चौकी को तोड़ दिया। हाथियों ने हाइवे पर जाम लगाया तो वन कर्मियों ने उन्हें भगाने के लिए पटाखे जलाए। हवाई फायर किए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ही हाथी सड़क से हटे। तब तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके बाद शुक्रवार सुबह भी मोहान के पास ही एक हाथी ने रामनगर से थैलीसैण जा रहे कैंटर को रोक दिया। हाथी ने कैंटर के शीशे तोड़ डाले। कॉर्बेट कॉलोनी निवासी कैंटर चालक विजय सिंह ने भागकर जान बचाई। इसी दौरान हाथी ने खाने के लिए कैंटर में रखे कट्टे से आटे को बिखेर दिया। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने हाथी को खदेड़ दिया। वन संरक्षक अल्मोड़ा प्रवीन कुमार शर्मा ने बताया कि यह क्षेत्र हाथी कॉरिडोर है। इसलिए वन विभाग के कर्मचारी वहां हमेशा तैनात रहते हैं। उन्होंने राहगीरों से सावधानी बरतने को कहा है।
मोहान में हाथियों ने तोड़ी वन चौकी
हाथी ने कैंटर की तोड़फोड़, आटा खाया