द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट स्थित योगदा आश्रम में पांच दिनी आध्यात्मिक उत्सव शुरू हो गया है। इस दौरान कुमाऊं इंजीनियरिंग कालेज के तृतीय और चतुर्थ वर्ष के चार छात्रों को आश्रम की तरफ से किश्तों में 2.75 लाख रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।
आध्यात्मिक उत्सव के तहत छात्रवृत्ति वितरित करते हुए स्वामी हितेशानंद और स्वामी वासुदेवानंद ने बताया कि 2017 में योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है। कुमाऊं इंजीनियरिंग कालेज के छात्र मनीष शर्मा, गार्गी भारद्वाज, महेंद्र सिंह और रुचि चौधरी को तीन साल की किश्तों में 2.75 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।
बताया कि आध्यात्मिक उत्सव के माध्यम से लोगों को आध्यात्म से जोड़ने में मदद मिलेगी और आध्यात्म का प्रचार-प्रसार भी होगा। बता दें कि योगदा सत्संग सोसाइटी अपने संस्थापक गुरु श्री श्री परमहंस योगानंद द्वारा दी गई ध्यान की वैज्ञानिक विधियों के माध्यम से जीवन जीने की कला के साथ ईश्वर प्राप्ति के मार्ग पर चलने की सीख दे रही है। पांच दिनी आध्यात्मिक उत्सव में भी ध्यान के माध्यम से जीवन जीने की कला का प्रचार प्रसार होगा। इसके अलावा तमाम कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।