भीमताल (नैनीताल)। पर्यटन सीजन शुरू होते ही देश-विदेश के सैलानी भीमताल, नौकुचियाताल, सातताल पहुंचने लगे हैं, लेकिन प्रशासन की लचर व्यवस्था के चलते सैलानियों को परेशानी हो रही है। पार्किंग, शौचालय, बैठने तक की सुविधा के लिए सैलानी भटकते रहे। कई पर्यटकों के जल्दी लौटने, दूसरी जगह जाने के कारण व्यापारी, नाव चालक, मनोरंजन गतिविधियों के हित दुष्प्रभावित हो रहे हैं।
क्षेत्र में खराब सड़क, वाहन आड़े-तिरछे खड़े रहने के कारण ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है। भीमताल, नौकुचियाताल में शौचालयों की कमी भी सैलानियों को अखर रही है। शहर में पार्क, बैठने के लिए बेंच तक उपलब्ध नहीं हैं। नगर पंचायत भीमताल ने सिर्फ डांठ पर एकमात्र पार्किंग बनाई है, लेकिन वाहनों की संख्या बढ़ते ही व्यवस्था चरमराने लगी है। वहां बने एकमात्र शौचालय की सफाई तक नहीं हो सकी है। लोगों ने निकाय, प्रशासन से पार्किंग, शौचालय की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
पैराग्लाइडिंग गाइडों के गलत व्यवहार से सैलानी खफा
देश-विदेश से भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल में घूमने वाले सैलानियों से भीमताल में पैराग्लाइडिंग कराने को लेकर गलत व्यवहार किया जा रहा है। इस कारण भी सैलानी लौट रहे हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भीमताल में 10 से अधिक पैराग्लाइडिंग हैं। इनके संचालकों ने कमीशन पर युवाओं को रखा है जो पैराग्लाइडिंग कराने के लिए सैलानियों से मनमाना भुगतान लेने के लिए बदतमीजी कर रहे हैं। इस कारण कई सैलानी खुद को ठगा सा महसूस कर लौट रहे हैं।
बोर्ड की बैठक जल्द बुलाई जाएगी। इसमें पार्किंग, शौचालय आदि समस्याओं को लेकर ठेका कराने का प्रस्ताव पास किया जाएगा। ताकि पार्किंग के लिए जल्द टेंडर किया जा सके।
- बीएस रावत
अधिशाषी अधिकारी, नगर पंचायत भीमताल।