हल्द्वानी। हिंदी भाषी उत्तराखंड राज्य में कभी किसी ने नहीं सोचा होगा कि उन्हें अपने परमवीर चक्र विजेताओं की जानकारी भी हिंदी में पढ़ने को नहीं मिलेगी। प्रदेशभर के डिग्री कॉलेजों में बनाई गई शौर्य दीवारों में परमवीर चक्र विजेताओं की जानकारी अंग्रेजी में अंकित है। सोचने वाली बात तो यह है कि स्वदेशी वेशभूषा, हिंदी प्रेमी होने का दावा करने वाले उच्चशिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को भी शौर्य दीवार पर परमवीर चक्र विजेताओं की जानकारी अंग्रेजी में होने को लेकर कोई आपत्ति नहीं हुई।
उच्चशिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने डिग्री कॉलेजों के विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा को बढ़ावा देने के मकसद से शौर्य दीवार के साथ ही सौ फीट ऊंचा झंडा लगाने पर सबसे अधिक जोर दिया। मंत्री के आदेश पर सौ फुट ऊंचा झंडा भले ही सभी कॉलेजों में न लगा हो मगर शौर्य दीवार तो बना दी गई। इसी क्रम में एमबीपीजी डिग्री कॉलेज में भी शौर्य दीवार बनाई गई। शौर्य दीवार पर ऊपर तो हिंदी में शीर्षक और संस्कृत में प्रेरक वाक्य लिखा है पर नीचे पूरा विवरण अंग्रेजी में है। हिंदी प्रदेश के हिंदी माध्यम के डिग्री कॉलेजों में हिंदी प्रेम का दावा करने वाली भाजपा सरकार का यह प्रयोग विद्यार्थियों को काफी अखर रहा है। किसी भी कॉलेज में एक भी विद्यार्थी ऐसा नहीं होगा, जिसे हिंदी न आती हो और केवल अंग्रेजी जानता हो। यदि कालेज में सर्वे किया जाए तो शायद ही किसी विद्यार्थी ने इसमें वर्णित सभी नाम पढ़े होंगे। अगर हिंदी भाषा में शौर्य दीवार पर जानकारी अंकित होती तो विद्यार्थियों के अलावा आम नागरिक भी इसे पढ़ सकते थे। इधर, हिंदी प्रेमी शिक्षकों और विद्यार्थियों का कहना है कि विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह में उपाधि धारकों द्वारा पहनी जाने वाली ड्रेस से अंग्रेजियत की बू आने की बात कर उसमें बदलाव करने का दावा करने वाले उच्चशिक्षा मंत्री में शौर्य दीवार में परमवीर चक्र विजेताओं की जानकारी स्वदेशी भाषा में अंकित करने का प्रेम क्यों नहीं जागा।
शासन से हमें मेल आईडी पर जिस फार्मेट में शौर्य दीवार के लिए परमवीर चक्र विजेताओं की सूची मिली थी, उसे हमने उसी फार्मेट में शौर्य दीवार पर बनवाया है। उसमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता था। अंग्रेजी में एमबीपीजी कॉलेज ही नहीं सभी जगह अंग्रेजी भाषा में ही शौर्य दीवार पर लिखा गया है।
- डॉ. जगदीश प्रसाद, प्राचार्य एमबीपीजी कॉलेज।
यूओयू में शौर्य दीवार का लोकार्पण कल
हल्द्वानी। राज्य के विभिन्न डिग्री कॉलेजों, विश्वविद्यालयों में शौर्य दीवार का लोकार्पण करने के उपरांत उच्चशिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत 29 नवंबर को यहां उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में शौर्य दीवार का लोकार्पण करने आ रहे हैं। विवि परिसर में अंग्रेजियत को दर्शाती इस शौर्य दीवार को बने करीब पांच माह का समय बीत चुका है मगर मंत्री जी के इंतजार में इसका लोकार्पण नहीं हो सका। यहां भी शौर्य दीवार पर अंग्रेजियत हावी होने के बारे में कुलपति प्रो. नागेश्वर राव से जानकारी की गई तो उनका कहना था कि जैसा मैटर उन्हें शासन से मिला है, उसका वैसा ही उपयोग किया गया है।