हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) की विद्या परिषद की बैठक बृहस्पतिवार को हुई। इसमें यूजीसी रेगुलेशन 2017 को लागू करने एवं सत्र 2018-19 के लिए 114 डिग्री, डिप्लोमा, 31 प्रमाणपत्र कोर्स चलाने की स्वीकृति लेने सहित कई निर्णय लिए गये।
यूओयू के कुलपति प्रो. नागेश्वर राव की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न मामलों से संबंधित 17 निर्णय लिए गए। कुलसचिव प्रो. आरसी मिश्रा ने बताया कि यूजीसी रेगुलेशन 2017 को लागू करने के साथ ही बैक परीक्षा कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। उन्होंने बताया कि अध्ययन केंद्र, परीक्षा केंद्र बदले जाने, विभिन्न विद्या शाखाओं की बैठकों में हुए निर्णय को स्वीकृत करने, नये पाठ्यक्रम लागू कराने, तृतीय दीक्षांत समारोह की ड्रेस कोड बनवाने, दूरस्थ, मुक्त शिक्षा में शोध केंद्र स्थापित करने के संबंध में फैसले लिए गए। सत्र 2017 -18 के लिए विश्वविद्यालय में 114 डिग्री, डिप्लोमा, 31 प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम चलाने के लिए यूजीसी से स्वीकृति लेने का भी निर्णय लिया गया। ऑनलाइन प्रवेश में आ रही समस्याओं को हल करने आदि पर भी चर्चा की गई। बैठक में प्रो. एचपी शुक्ला, प्रो. गिरजा पांडेय, प्रो. दुर्गेश पंत, प्रो. धर्मेंद्र कुमार, प्रो. बीएम कुमार, प्रो. मधुरेंद्र कुमार, डॉ. हेमंत कांडपाल, डॉ. वीरेंद्र कुमार आदि सदस्य थे।