भीमताल (नैनीताल)। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 27 से 29 अक्तूबर तक तीन दिवसीय लेक कार्निवाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भीमताल-भवाली रोड में स्थित एक होटल में संयुक्त मजिस्ट्रेट बंदना सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में तय किया गया कि तीन दिनों तक कुमाऊंनी संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रमों के अलावा कई खेल प्रतियोगिताएं, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान लेजर लाइट शो, मिड लेक मूवी शो और झील के मध्य स्थित टापू की दीवारों पर सुंदर पेंटिंग कराने का सुझाव दिया। तय किया गया कि शीघ्र ही कार्निवाल कमेटी का पंजीकरण कराया जाएगा। लेक कार्निवाल को सफल बनाने के लिए सर्वसम्मति से संयोजक मंडल का गठन किया।
उपजिलाधिकारी बंदना सिंह व विधायक राम सिंह कैड़ा को पदेन संरक्षक, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश नेगी को पदेन अध्यक्ष, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद गुणवंत को पदेन संयोजक बनाया गया जबकि नितिन राणा को सचिव, दीपक वर्मा को कोषाध्यक्ष, निर्मल नेगी व राहुल जोशी को मीडिया प्रभारी और गौरी राणा को सातताल में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सतीश लाल वर्मा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हरीश चंद्र सिंह रौतेला, देवकी पांडे, व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ रौतेला, पंकज जोशी, नितेश बिष्ट, देवेंद्र फर्त्याल मौजूद थे।