हल्द्वानी। जल संस्थान के सरस बाजार स्थित भवन के हक को लेकर दो कर्मचारी संगठनों का विवाद थम गया है। सहायक अभियंता ने मध्यस्थता कर दोनों संगठनों में समझौता करा दिया है। भवन पर अब तकनीकी कर्मचारी संगठन का दफ्तर ही बनाया जाएगा।
पेयजल तकनीकी कर्मचारी संगठन सरस बाजार स्थित भवन पर संगठन का नाम, कार्यालय की दीवार पेंटिंग करा रहा था कि इस बीच अज्ञात ने भवन के दरवाजे पर ताले जड़ दिए थे। संगठन का कहना था कि ईई ने लिखित तौर पर भवन दिया है। बाद में संगठन ने भवन के ताले नहीं खुलने पर बेमियादी धरना दिया था और बाद में ताले तोड़कर काबिज हो गया था। जल संस्थान कर्मचारी संघ का दावा था कि ईई के मौखिक निर्देशानुसार उक्त भवन प्रदेश भर के कर्मियों के लिए रेस्ट हाउस था। इस बावत उन्होंने जीएम से बजट आवंटित करा आवश्यक सामान भी रखा था। भवन के मालिकाना हक को लेकर दोनों संगठनों में टकराव बढ़ गया था। मामला बढ़ता देख सहायक अभियंता आरपी डोबवाल ने मध्यस्थता कर दोनों संगठनों में समझौता करा दिया है। डोबवाल ने बताया कि अब दोनों संगठनों में किसी तरह की कोई रार नहीं है।