हल्द्वानी। रामलीला का संचालन करने के लिए 31 सदस्यीय संचालन समिति का गठन किया गया है। विवाद की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इसमें भंग कमेटी के सदस्यों को शामिल नहीं किया हैं। रामलीला संचालन के साथ रामलीला मैदान में जनसुविधाओं की व्यवस्था करने का निर्णय भी लिया गया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन हरवीर सिंह की अध्यक्षता में रामलीला संचालन के लिए शनिवार को रामलीला सभागार में बैठक हुई। रामलीला कमेटी के प्रशासक और सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने बताया कि तमाम मुद्दों को अंतिम रूप देने के लिए अगले सप्ताह नयी संचालन समिति की बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में शामिल गणमान्य लोगों के सुझाव पर प्रशासन ने रामलीला संचालन के लिए 31 सदस्यीय कमेटी का गठन करने की सहमति दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अभी मैदान में शौचालय, पुताई आदि की व्यवस्थाओं को कराना है। हालांकि इस मामले में भंग कमेटी के लोगों को शामिल करने के लिए राजनीतिक दबाव काफी पहले से चल रहा है लेकिन प्रशासनिक अधिकारी एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट विवाद से रामलीला को दूर रखने की कोशिश में लगे हैं।