द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विकासखंड के बग्वालीपोखर क्षेत्र में इन दिनों चिकन पॉक्स का प्रकोप चल रहा है। छह माह से लेकर 35 साल के युवक-युवतियां इसकी चपेट में हैं। दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अभी तक सुध नहीं लिए जाने से जनसंगठनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र रोकथाम को लेकर सार्थक प्रयास नहीं हुए तो सड़कों पर उतरा जाएगा।
बग्वालीपोखर के रावलसेरा में पिछले एक सप्ताह से चिकन पॉक्स का प्रकोप चल रहा है। बताया गया है कि अब तक एक दर्जन से अधिक लोग इसकी चपेट में आ गए हैं। छह माह के बच्चे से लेकर 35 साल के युवक-युवतियों को भी चिकन पॉक्स हुआ है। व्यापार मंडल अध्यक्ष अर्जुन बिष्ट ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को पूर्व में सूचना दी गई। विभाग ने आशा कार्यकर्ता और एएनएम को मौके पर भेजा।
इसके अलावा कुछ भी सार्थक कदम नहीं उठाए गए हैं। रावलसेरा के ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है। कहा कि ग्रामीण रोग से परेशान हैं और विभाग उनकी सुध नहीं ले रहा है। यह रोग धीरे-धीरे फैलता जा रहा है। यदि शीघ्र सार्थक कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीणों को साथ लेकर सड़कों पर प्रदर्शन किया जाएगा। विभाग के फार्मीसिस्ट गोविंद मेहता ने बताया कि पांच रोगी इसकी चपेट में हैं। जिनका वहां उपचार चल रहा है।