हल्द्वानी। कई इलाकों में तीन दिन से सीवर लाइनें चोक हैं। जलसंस्थान दफ्तर में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी सीवर लाइनें दुरुस्त नहीं की गई हैं। इससे लोग परेशान हैं।
क्षेत्र के आवास विकास, थाने के पीछे और टनकपुर रोड, पांडे निवास कालाढूंगी रोड और नवाबी रोड में तीन दिन से सीवर लाइनें चोक होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। क्षेत्र निवासी प्रतिभा जोशी, कौशल्या मेहरा, चिरंजी लाल और भुवन शर्मा ने जलसंस्थान दफ्तर में शिकायत दर्ज कर उनकी चोक सीवर लाइनों को दुरुस्त करने की मांग की है। जलसंस्थान अधिकारियों की ओर से चोक सीवर लाइनों को खोलने के लिए अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायत पंजिका में संबंधित अधिकारी की ओर से की गई कार्रवाई का कॉलम रिक्त है। जलसंस्थान के अवर अभियंता पंकज उपाध्याय ने कहा कि सीवर लाइनों को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। बुधवार तक सभी लाइनें दुरुस्त कर दी जाएंगी।