हल्द्वानी। जमरानी बांध परियोजना की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद सिंचाई विभाग ने अब विधिवत स्वीकृति लेने की कार्रवाई तेज कर दी है। विभागीय अधिकारियों को उम्मीद है कि बांध परियोजना को पर्यावरण की विधिवत स्वीकृति जल्द मिल जाएगी। पर्यावरण की विधिवत स्वीकृति लेने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारी व्यक्तिगत रूप से पत्र लेकर दिल्ली में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के अधिकारियों ंसे मुलाकात करेंगे।
सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता (उत्तर) डीएस कुटियाल ने बताया कि बांध परियोजना को वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की ओर से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही जमरानी बांध की मंजूरी की संभावना है। पर्यावरण की विधिवत स्वीकृति लेने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पत्राचार के माध्यम से पर्यावरण की विधिवत स्वीकृति मिलने में समय लग सकता है। उन्होंने जमरानी खंड के अधिशासी अभियंता को जारी पत्र में निर्देश दिए हैं कि पर्यावरण की विधिवत स्वीकृति के लिए स्वयं व्यक्तिगत रूप से केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के अधिकारियों से संपर्क करें। आवश्यक दस्तावेजों के साथ केंद्रीय अधिकारियों के साथ बैठक में मौजूद रहें ताकि किसी तरह की आपत्ति या सूचना का मौके पर ही निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि पूरा प्रयास रहेगा कि पर्यावरण की विधिवत स्वीकृति जल्द से जल्द मिल सके ताकि जमरानी बांध निर्माण की मंजूरी का मार्ग साफ हो सके।