हल्द्वानी। शनिवार को दिनभर बिजली गुल रही। पंखे नहीं चले तो लोगों का पसीना निकल आया। इन्वर्टर भी जवाब दे गए। पानी नहीं मिलने से लोगों का धैर्य जवाब दे गया। नाराज के लोगों ने पाल कॉम्पलेक्स के पास जाम लगाकर प्रदर्शन किया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस से प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक भी हुई।
बिजली लाइन में आई तकनीकी खराबी को ठीक कराने के लिए शनिवार को शहर के कई क्षेत्रों में सुबह से शाम तक अधिकारियों ने शटडाउन लिया था। बिजली सप्लाई बाधित रहने से स्थानीय लोगों और कारोबारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस पर क्षेत्रवासियों ने बिजली अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने आक्रोशित लोगों को किसी तरह से समझाबुझाकर शांत किया। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम को बिजली आपूर्ति सुचारु होने के बाद लोगों ने राहत महसूस की।
कालाढूंगी के एसडीओ केके पंत ने बताया कि बिजलीघरों और लाइनों में मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन की सूचना अखबारों में प्रकाशित की गई थी। लेकिन बिड़ला स्कूल के पास एक ट्रक ने 33 केवी के पोल में टक्कर मार दी, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। इसके बाद किसी तरह से बिजली सप्लाई सुचारु की तो आंबेडकर नगर में ट्रांसफार्मर फुंक गया। उन्होंने बताया कि किसी तरह से बिजली आपूर्ति को सुचारु करा दिया है।
इन क्षेत्र के बिजलीघरों में हुई मरम्मत
पावर कॉरपोरेशन के अधिशासी अभियंता डीके जोशी ने बताया कि कमलुवागांजा, कालाढूंगी चौराहा और छड़ायल क्षेत्र स्थित बिजलीघर और हाईटेंशन लाइनों में मरम्मत कार्य किया गया। इसके चलते देवलचौड़, मानपुर उत्तर, मानपुर पश्चिम, नैनी विहार, पाठक कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, प्रेमपुर लोशज्ञानी, मंडी क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट नगर, पंचायत घर, नैनीताल रोड, रामपुर रोड, बरेली रोड, तिकोनिया, इंदिरा नगर, राजपुरा, बनभूलपुरा, मुख्य बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक बिजली सप्लाई ठप रही।
आज भी रहेगा शटडाउन
एसडीओ केके पंत ने बताया कि रविवार को भी मरम्मत कार्य के चलते सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक शटडाउन रहेगा।
महिलाओं ने जलसंस्थान के अधिकारी को घेरा
हल्द्वानी। पेयजल संकट से परेशान संगम विहार दमुवाढूंगा की महिलाओं ने शनिवार को जलसंस्थान दफ्तर पहुंचकर सहायक अभियंता का घेराव किया। उन्होंने जल्द पेयजल किल्लत निजात दिलाने की मांग की।
शहर और ग्रामीण इलाकों में पेयजल किल्लत बढ़ती जा रही है। जलसंस्थान खराब नलकूपों की ठीक नहीं कर पाया है। दमुवाढूंगा की महिलाओं ने कहा कि तीन माह से उन्हें पानी नहीं मिल रहा है। पेयजल के लिए दो किमी दूर सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई लोग निजी टैंकरों से पानी खरीद रहे हैं। उन्होंने पेयजल समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
इधर, तहसील परिसर, बिठौरिया, पनियाली के नलकूपों की अभी तक मरम्मत नहीं की गई है। पेयजल किल्लत से लोगों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। जलसंस्थान के सहायक अभियंता आरपी डोबवाल ने कहा कि संगम विहार में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। क्षेत्र के लिए नई पेयजल लाइन बिछाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा है। स्थानीय विधायक डॉ. इंदिरा हृदयेश को भी संगम विहार के लिए पेयजल लाइन का प्रस्ताव सौंपा गया है। धन अवमुक्त होने पर नई लाइन बिछाई जाएगी। प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जा रही है।