हल्द्वानी। सस्ता गल्ला विक्रेताओं की मनमानी के चलते उपभोक्ताओं को समय से राशन नहीं मिल पा रहा है। सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने आठ फरवरी तक फरवरी का राशन नहीं उठाया है। उधर विभाग की ओर से जनवरी में ही फरवरी का राशन जारी कर दिया गया था। देरी से राशन उठाने से सस्ता गल्ला विक्रेताओं का फायदा होता है।
शासनादेश की बात करें तो सस्ता गल्ला की दुकानों में 23 से 30 तारीख तक एक माह का अग्रिम राशन पहुंच जाना चाहिए। महीने की एक तारीख तक तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्तर से इस राशन का सत्यापन हो जाना चाहिए। जिससे यह पता चल सके की दुकानों को आवंटित राशन दुकान में पहुंच गया है। दो तारीख से 22 तारीख तक प्रतिदिन राशन बंटना चाहिए। लेकिन सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता राशन उठा रहे हैं। अधिकारी भी फर्जी वेरीफिकेशन कर रहे हैं। अंतिम पांच दिन राशन बंटने से उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल पा रहा है। महीना खत्म होते ही सस्ता गल्ला विक्रेता राशन खत्म होने का बहाना बना कर राशन नहीं बांट रहे हैं।
गोदाम में राशन पहुंच गया है। नियमानुसार राशन सस्ता गल्ला की दुकान में पहुंच जाना चाहिए। लेकिन सस्ता गल्ला विक्रेताओं की ओर से अभी राशन नहीं उठाया जा रहा है।
- कृष्ण कुमार आर्या वरिष्ठ विपणन अधिकारी