हल्द्वानी। उत्तराखंड में बास्केटबाल एकेडमी खोलने और बास्केटबॉल लीग की संभावना तलाशने के लिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने हल्द्वानी का दौरा किया। इस दौरान हुई बातचीत में इन्होंने बताया कि मार्च तक एकेडमी शुरू करने की योजना है। लीग को लेकर उनकी बातचीत चल रही है। टीमों के आगे आने पर वह जून तक यहां देश की 12 टीमों की लीग कराएंगे।
सोमवार को बास्केटबाल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रोहित बख्शी, इंद्रबीर सिंह गिल, विक्रमजीत सिंह ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि वह देश में बास्केटबाल लीग जून से शुरू करने जा रहे हैं। इस लीग में देश की 12 टीमें प्रतिभाग करेंगी। इंद्रबीर सिंह गिल ने जहां अमेरिका की ओर से, वहीं विक्रमजीत सिंह गिल कनाडा और रोहित बख्शी जापान की अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। इंद्रबीर और विक्रमजीत एनबीए लीग भी खेल चुके हैं। रोहित बख्शी का कहना है कि उत्तराखंड में खेलों को लेकर यूथ में काफी क्रेज के साथ टैलेंट भी है। इसे देखते हुए वह उत्तराखंड में बास्केटबाल एकेडमी खोलने की सोच रहे हैं। इसे लेकर हल्द्वानी के कई स्कूलों से बात चल रही है। मार्च तक हल्द्वानी में बास्केटबाल एकेडमी शुरू करने की तैयारी है। इस एकेडमी में विदेशी कोच कोचिंग देंगे। यहां से चुने गए खिलाड़ी उत्तराखंड की टीम से लीग में खेलेंगे। वह इसके लिए उत्तराखंड की टीम खरीदने के लिए खरीदार तलाश रहे हैं।