हल्द्वानी। अस्पतालों का जैव चिकित्सीय कचरा टनकपुर रोड गौला किनारे मिलने पर नगर आयुक्त ने आईएमए के प्रतिनिधियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल नहीं सुधरे तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पतालों में जैव चिकित्सीय कचरे उठान की जगह और बाहर सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए। उधर ग्लोबल सॉल्यूशन के प्लांट की जांच करने की बात कही।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार को नगर आयुक्त हरवीर सिंह ने नगर निगम सभागार में आईएमए के डॉक्टरों के साथ बैठक की। नगर आयुक्त ने कहा कि जैव चिकित्सीय कचरे में शहर के प्रतिष्ठित अस्पतालों के लेटर पेड, रिपोर्ट, फाइल मिली है। साथ ही पकड़े गए व्यक्ति ने खुद कबूला कि वह पैसों में अस्पतालों का जैव चिकित्सीय कचरा लेता था। उसे नदी, जंगल में जाकर जला देता था। उन्होंने कहा कि अस्पताल अपनी गलती स्वीकार करें। चेतावनी दी कि अगर अस्पताल का जैव चिकित्सीय कचरा अब उन्हें मिला तो वह अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। साथ ही अस्पतालों से जैव चिकित्सीय कचरा उठाने और अस्पताल के बाहर रास्ते में सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए। उधर ग्लोबल के प्लांट की जांच करने के भी निर्देश दिए। कहा कि ग्लोबल की ओर से कोई भी खामियां मिलती हैं तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर निगम के कर्मचारियों की ओर से लापरवाही बरतने पर उन पर कड़ी कार्रवाई के आदेश भी दिए। बाहरी व्यक्ति अगर जैव चिकित्सीय कचरे के साथ पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
ग्लोबल के प्लांट की भी जांच होगी, नगर आयुक्त ने आईएमए के अधिकारियों के साथ की बैठक,
अस्पताल से जैव चिकित्सीय कचरा उठाने वाली जगह और अस्पताल के बाहर सीसीटीवी लगाने के निर्देश
अस्पतालों से जैव चिकित्सीय कचरा लेने वाले दो कर्मचारी निलंबित
हल्द्वानी। अस्पतालों से जैव चिकित्सीय कचरा लेकर टनकपुर रोड गौला नदी में डालने के आरोप में नगर निगम के दो कर्मचारियों पर गाज गिरी है। नगर आयुक्त ने दो चालकों को सोमवार को निलंबित कर दिया है। उधर फईम के बताए अनुसार अस्पतालों की सीसीटीवी की जांच करने के आदेश जारी किए हैं।
अमर उजाला के खुलासे के बाद नगर आयुक्त ने टनकपुर रोड गौला नदी के किनारे छापा मारा। छापेमारी के दौरान सैकड़ों टन जैव चिकित्सीय कचरा पकड़ा। साथ ही इस दौरान दो गाड़ी जैव चिकित्सीय कचरे से भरी हुई पाई गई। इस दौरान फईम और नईम ने जैव चिकित्सीय कचरा पैसों में अस्पतालों से लाने की बात कबूली थी। सोमवार को नगर आयुक्त हरवीर सिंह ने इन दोनों को नगर निगम में बुलाया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान फईम ने बताया कि वह दो अस्पतालों से कूड़ा लाता था। साथ ही बताया कि निगम के दो चालक भी इस धंधे में शामिल हैं। उसने राजू मसीह और अरुण का नाम बताया। नगर आयुक्त ने इस पर कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। उधर सभी अस्पतालों के सीसीटीवी जांच करने के नगर स्वास्थ्य अधिकारी को आदेश दिए हैं। नगर आयुक्त हरवीर सिंह ने कहा कि सभी अस्पतालों के सीसीटीवी की जांच वह खुद भी करेंगे। दोषी पाए जाने पर अस्पताल के भी खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।