हल्द्वानी। काठगोदाम से मंडी तक लगाई गई स्ट्रीट लाइटों के जल्द शुरू होने पर संशय बढ़ता जा रहा है। नगर निगम की मांग पर लोक निर्माण विभाग के विद्युत यांत्रिक खंड ने थर्ड पार्टी की जांच का पत्र नियोजन विभाग को सौंप दिया है। जांच कब शुरू होगी, यह अभी साफ नहीं हो सका है। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्ट्रीट लाइटों को नगर निगम को हस्तांतरित करने की कार्यवाही हो सकेगी।
विधानसभा चुनाव के समय नैनीताल हाइवे में करोड़ों रुपयों की लागत से लगाई गई 195 स्ट्रीट लाइटें अभी तक शुरू नहीं हो सकी हैं। टेस्टिंग के समय तीन दिनों तक लाइटें जलने के बाद से बंद पड़ी हैं। लोेक निर्माण, नगर निगम और ऊर्जा विभाग की तकनीकी टीम संयुक्त रूप से टेस्टिंग कर चुकी है। खराब लाइटों को भी बदलने के साथ ही जीआई वायर और वायरिंग ड्रेसिंग को भी ठीक किया जा चुका है। डीएम दीपेंद्र चौधरी भी लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को सभी कार्यवाहियां जल्द दूर कर लाइटों को शुरू करने के निर्देश दे चुके हैं। जुलाई अंतिम सप्ताह में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने एक सप्ताह में सभी प्रक्रियाएं पूरी करने का भरोसा नगर निगम को दिया था। लेकिन यह समय सीमा खत्म हुए एक सप्ताह बीत चुका है।
लोनिवि के विद्युत यांत्रिक खंड के अधिशासी अभियंता मणिशंकर मिश्रा ने कहा कि नगर निगम की मांग पर थर्ड पार्टी जांच का आवेदन नियोजन विभाग को दिए 10 दिन बीत चुके हैं। वे कब जांच कर रिपोर्ट देंगे, इसकी जानकारी नहीं है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्ट्रीट लाइटें निगम को हस्तांतरित होंगी। निगम को ऊर्जा निगम से जलाने के लिए कनेक्शन लेना होगा। उधर मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला ने बताया कि डीपीआर में थर्ड पार्टी कराने की बात लिखी गई थी, उसी के आधार पर संबंधित विभाग से मांग की गई है और जल्द से जल्द पूरी कार्यवाही करने को भी कहा गया है। जिससे स्ट्रीट लाइटों को जल्द शुरू किया जा सके।