नैनीताल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 15 फरवरी को होने जा रहे चुनाव के मद्देनजर जिला, पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जहां संबंधित बूथों में पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी हैं, वहीं सुरक्षा बल ने भी संबंधित बूथों में डेरा जमा लिया है। 58 विधानसभा क्षेत्र नैनीताल के 152 बूथों में 1 लाख 7 हजार 166 मतदाता अपने मताधिकार पांच प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इन बूथों में 32 बूथ संवेदनशील घोषित किए हैं जबकि अतिसंवेदनशील बूथ कोई नहीं है। नैनीताल शहर की बात करें तो शहर में 37 बूथों में 31 हजार 454 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव में कांग्रेस की ओर से सरिता आर्य, भाजपा से संजीव आर्य, बसपा से सुंदरलाल आर्य, निर्दलीय के रूप में हेम चंद्र आर्य, केएल आर्य चुनावी समर में किस्मत आजमा रहे हैं। विधानसभा के कुल मतदाताओं में से 56 हजार 927 पुरुष, 50 हजार 238 महिला मतदाता हैं। एक किन्नर मतदाता भी है। विधानसभा सीट पर 8 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में 110 बूथ, 42 बूथ शहरी क्षेत्रों में हैं। नैनीताल शहर की बात करें तो ब्रेसाइड स्कूल स्थित बूथ में 3040, सीआरएसटी इंटर कॉलेज में 4608, प्राइमरी स्कूल मल्लीताल में 3294, प्राइमरी स्कूल आर्य समाज 1052, शैले हॉल में 685, ऐशडेल कॉलेज में 3729, प्राइमरी स्कूल अयारपाटा में 2133, डीएसए स्टेडियम में 1106, नगर पालिका में 491, प्राइमरी स्कूल नारायणनगर में 946, माल रोड प्राथमिक स्कूल किंडर गार्डन में 2705, लोनिवि नैनीताल में 1472, प्राइमरी स्कूल तल्लीताल में 1260, शहीद मेजर राजकीय इंटर कॉलेज में 3429, प्राथमिक स्कूल दुर्गापुर में 914, छावनी प्राथमिक स्कूल में 716 जबकि जिला पंचायत बूथ में 871 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विधानसभा सीट की निर्वाचन अधिकारी वंदना सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रियंका रानी, परमानंद, पटवारी अमित साह, ओम प्रकाश, बीसी भंडारी, राधे सिंह राणा, आशा सक्सेना आदि चुनाव की तैयारियों में जुटे रहे।
नैनीताल। नगर के 37 बूथों में से छावनी स्थित प्राथमिक स्कूल में बना बूथ 15 फरवरी को मतदाता दिवस के दिन लोगों को विशेष रूप से सजा दिखेगा। छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी अभिषेक राठौर की मानें तो मतदाताओं को इस बूथ पर शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित करने के मकसद से यह बूथ विशेष रूप से सजाया गया है। राठौर ने बताया कि बूथ पर आने वाले युवा, बुजुर्ग मतदाताओं का स्वागत माल्यार्पण कर किया जाएगा।
इतना ही नहीं मतदान करने के बाद मतदाता के लिए जलपान की व्यवस्था भी होगी। वोट देने के बाद मतदाता सेल्फी भी ले सकेगा। राठौर ने बताया कि निर्वाचन अधिकारी से मिली अनुमति के बाद ही छावनी ने यह प्रयोग किया है। देर शाम तक बूथ को सजाने आदि की तैयारियों में डीसी तिवारी, डीएस मेहता, प्रकाश कांडपाल, चंदन मेहरा आदि कर्मी जुटे रहे। इस बूथ पर 716 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ब्यूरो