पौड़ी। स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक होने पर जिला मुख्यालय पौड़ी में युवाओं ने आक्रोश जताया। युवाओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पेपर लीक से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने बीजीआर परिसर पौड़ी में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होेंने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई। एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव अंकित सुंदरियाल, प्रदेश सचिव मुकुल कुमार ने कहा कि सरकार युवाओं के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने पेपर को रद्द करते हुए फिर से परीक्षा आयोजित करवाने की मांग उठाई।
वहीं ऋषि रिच एजुकेशन हब की निर्देशिका शैलजा सिंह ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। डीएम के माध्यम से प्रेषित ज्ञापन में बताया गया कि इससे पूर्व में पटवारी/लेखपाल परीक्षा 2021, ग्राम पंचायत अधिकारी, उत्तराखंड एई/जेई आदि परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। जिससे कई सालों से परीक्षा की तैयारियां कर रहे युवाओं को आघात पहुंचा है। कहा कि परीक्षा तैयारी कर रहे युवाओं के हजारों रुपये व्यर्थ हो गए। लिहाजा सरकार सभी अभ्यर्थियों को 50 हजार से एक लाख रुपये तक का मुआवजा देना चाहिए। इस मौके पर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजेश भंडारी, छात्रसंघ सचिव हर्षवर्द्धन जैन, आस्कर रावत, अमन नेगी, चिराग गुसाईं, अखिल नेगी, मानसी डंगवाल आदि शामिल रहे।