भाजपा महिला मोर्चा ने कोतवाली में तहरीर देकर सोशल मीडिया अकाउंट संचालक पर की कार्रवाई की मांग
कोटद्वार। भाजपा महिला मोर्चा ने सोशल मीडिया पर उत्तराखंड की महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अभद्र, अश्लील और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किए जाने के विरोध में कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शशिबाला केष्टवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचीं। उन्होंने एसएसआई शशि भूषण जोशी को तहरीर सौंपकर बताया कि फेसबुक पर पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी नाम से संचालित एक सोशल मीडिया अकाउंट से उत्तराखंड की बेटियों और महिलाओं के संबंध में कथित रूप से अश्लील, अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियां की गई है। इससे महिलाओं के प्रति घृणा फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का दुस्साहस किया गया।
महिलाओं ने निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान ममता कटारिया, स्वाति नयाल, निशा जुयाल, किरन डोबरियाल, आराधना द्विवेदी, लक्ष्मी रावत, आशा ध्यानी, जशोदा नेगी, अनीता जखमोला, हंसलता, उमा नेगी, बबीता ग्वाड़ी मौजूद रहीं।