दुगड्डा विकासखंड के घाड़ क्षेत्र के अंतर्गत चरेख गांव में शनिवार को भालुओं के हमले में एक महिला की मौत हो गई। महिला गांव के पास अन्य महिलाओं के साथ घास काट रही थी, तभी अचानक दो भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीण उसे उपचार के लिए कोटद्वार अस्पताल ला रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान अंजना देवी (52) पत्नी बनवीर सिंह नेगी, निवासी ग्राम चरेख के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को अंजना देवी गांव से करीब 200 मीटर की दूरी पर अन्य महिलाओं के साथ घास काट रही थी। इसी दौरान अचानक दो भालू वहां पहुंच गए और उन्होंने अंजना देवी पर हमला कर दिया। भालुओं ने महिला को बुरी तरह जख्मी कर दिया।
ये भी पढे़ं...UK Top News: ऋषिकेश में छात्रों से भरी बस पलटी, गौचर मेले सीएम की घोषणाएं, चिन्यालीसौड़ में वायुसेना का अभ्यास
घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण घायल महिला को तत्काल कोटद्वार अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम संदीप कुमार और वन विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।