राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में गुलदार के हमले में घायल महिला का इलाज करते चिकित्सक।
- फोटो : KOTDWAR
द्वारीखाल ब्लाक के पोखरी गांव में गुलदार के हमले में पहाड़ी से गिरकर एक महिला बुरी तरह से घायल हो गई। महिला को परिजनों द्वारा राजकीय बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल महिला के परिजनों ने बताया कि पोखरी गांव निवासी लक्ष्मी देवी (48) पत्नी जगत सिंह बुधवार दिन में गांव की अन्य महिलाओं के साथ मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थी। वह दो बजे के करीब पहाड़ी पर घास काट रही थी। तभी पीछे से गुलदार उसकी ओर आने लगा साथ की महिलाओं ने गुलदार का हमला होता देख हो हल्ला कर दिया। महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो गुलदार उसके सामने खड़ा था। गुलदार को देखते ही उसके होश उड़ गए। इससे पहले वह संभल पाती गुलदार ने उसपर झपटा मार दिया। गुलदार के हमले से बचने के चक्कर में महिला करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिर गई और बुरी तरह से घायल हो गई। महिलाओं ने हो हल्ला कर गुलदार को वहां से भगाया और महिला की मदद के लिए नीचे पहुंची। महिलाओं ने इसकी सूचना गांव में उसके परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे निजी वाहन से बेस अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।